1111

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। शासन की ओर से चार आईएएस, दो पीसीएस और सचिवालय सेवा के एक अधिकारी की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इससे पहले भी शासन स्तर पर कई आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे।

नए आदेश के तहत आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ परियोजना निदेशक, Uttarakhand Disaster Preparedness and Resilience Project (U-PREPARE) का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।

वहीं आईएएस सौरभ गहरवार को अपर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास और परियोजना निदेशक U-PREPARE के पदभार से मुक्त किया गया है। अब उन्हें अपर सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

आईएएस झरना कमठान को वर्तमान दायित्वों के साथ अपर सचिव पेयजल और निदेशक स्वजल की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा आईएएस प्रकाश चंद्र को अपर सचिव समाज कल्याण, प्रबंध निदेशक बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम और आयुक्त दिव्यांगजन उत्तराखंड के दायित्व से मुक्त करते हुए अपर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

पीसीएस अधिकारियों में सुंदरलाल सेमवाल को अपर सचिव सचिवालय प्रशासन के साथ अपर सचिव समाज कल्याण, प्रबंध निदेशक बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम और आयुक्त दिव्यांगजन उत्तराखंड का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।

वहीं पीसीएस अधिकारी स्मृता परमार को वर्तमान पदभार के साथ अपर जिलाधिकारी देहरादून की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सचिवालय सेवा के अधिकारी विक्रम सिंह को अपर सचिव समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण और सचिवालय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

शासन के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

error: Content is protected !!