- चौकियों की व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों का लिया जायजा, विवेचकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने मंगलवार को कोतवाली कुंडा का औचक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली, लंबित विवेचनाओं और जन-शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर तथा अधीनस्थ चौकियों की व्यवस्थाओं का भी बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कोतवाली कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात एवं मेस का निरीक्षण किया। साथ ही चौकी मंडी, चौकी गढ़ीनेगी, चौकी सूर्या तथा चौकी शिवराजपुर पट्टी का भी औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने चौकियों में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने सरकारी अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा शस्त्रों के सुरक्षित संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रतिष्ठानों की व्यवस्था बेहतर होना विभाग की कार्यकुशलता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
निरीक्षण के दौरान कोतवाली एवं चौकियों में तैनात सभी विवेचकों का ओआर (ऑर्डरली रूम) लिया गया। इस दौरान लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्ध रूप में किया जाए। गंभीर मामलों को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए गए।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि विवेचनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा जनता की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर पुलिसिंग और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया।
