IMG-20260926-WA0048
  • फर्जी आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी समेत कई दस्तावेज बरामद; लैपटॉप, हार्ड डिस्क और SSD भी पुलिस के कब्जे में

गदरपुर। फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर MBBS में दाखिला दिलाने के प्रयास के मामले में कोतवाली गदरपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर 2026 को राजस्व निरीक्षक गदरपुर विनोद कुमार की तहरीर पर फर्जी स्थायी निवास, जाति एवं अनाथ प्रमाण-पत्र तैयार कर लाभ लेने के संबंध में कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में धारा 318(4), 336(3), 338, 339, 340(2) और 61(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

विवेचना के दौरान पांच छात्रों से संबंधित प्रमाण-पत्रों की जांच में फर्जी एवं कूटरचित आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर और विद्युत बिल आदि दस्तावेजों के प्रयोग की जानकारी सामने आई।

जांच के दौरान नामजद आरोपी शुभम हुड़िया और निखिल वर्मा को पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर MBBS में दाखिला दिलाने का प्रयास कर रहे थे।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे/निशानदेही से दो मोबाइल फोन, एक HP EliteBook x360 1030 G4 लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क और एक SSD बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के मोबाइल फोन से प्राप्त रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है।

मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी

  • शुभम हुड़िया पुत्र राजकुमार हुड़िया, निवासी पुरानी मंडी, वार्ड नंबर-10, गदरपुर।
  • निखिल वर्मा पुत्र मोती राम, निवासी वार्ड नंबर-11, पशु चिकित्सालय, गदरपुर।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

व0उ0नि0 मदन सिंह बिष्ट, उ0नि0 सुरेंद्र सिंह रिंगवाल, उ0नि0 प्रदीप शर्मा और कांस्टेबल 1319 मोहन सिंह बोरा शामिल रहे।

error: Content is protected !!