- सामाजिक संगठनों, जनआंदोलनों और नागरिक समूहों के साथ संवाद पर जोर, जन घोषणा पत्र के मसौदे पर होगी चर्चा
रुद्रपुर। रचनात्मक कांग्रेस की ओर से आज पत्रकार वार्ता आयोजित कर आगामी कार्यक्रमों और संगठन के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। बताया गया कि रचनात्मक कांग्रेस भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा गठित स्वायत्त इकाई है, जिसका उद्देश्य विभिन्न जनसंगठनों, जनआंदोलनों, नागरिक संगठनों, बौद्धिक समूहों, लोकतांत्रिक संगठनों और मजदूर संगठनों के साथ संवाद स्थापित करना है।
रचनात्मक कांग्रेस की ओर से 28 सितंबर को रुद्रपुर में उत्तराखंड जनसंवाद आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में विभिन्न जनसंगठनों और जनआंदोलनों की ओर से करीब 200 प्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गई है।
उत्तराखंड रचनात्मक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भुवन पाठक ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले संगठनों को एक मंच पर आना होगा। उन्होंने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस सत्य, अहिंसा, प्रेम, सामाजिक न्याय और सामाजिक सद्भाव के लिए काम करने वाले संगठनों के साथ संवाद स्थापित करेगी। कुमाऊं सम्मेलन के माध्यम से पहाड़ और तराई से जुड़े सवालों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस मुख्य कांग्रेस और विभिन्न सामाजिक संगठनों के बीच पुल का काम करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाने में रचनात्मक कांग्रेस की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
सूचना अधिकार कार्यकर्ता एवं सोशल मीडिया एक्टिविस्ट ओंकार ढिल्लों ने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस तराई के विभिन्न मुद्दों पर काम करेगी। इसमें किसानों के सवाल, जमीनों से जुड़े मुद्दे और शहरी समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल हैं।
वहीं प्रभात पाल ने कहा कि जमीनों से जुड़े विभिन्न आंदोलनों और वनग्राम के संघर्षों को कांग्रेस के घोषणा पत्र में शामिल कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, 28 सितंबर को होने वाले सम्मेलन के पहले सत्र में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे। दूसरे सत्र में जन घोषणा पत्र के मसौदे पर चर्चा होगी। अंतिम सत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे और सम्मेलन का प्रस्ताव पत्र पारित किया जाएगा। सम्मेलन में रचनात्मक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप दीक्षित के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है।
