WhatsApp Image 2026-08-14 at 2.07.17 PM

 

  • महापौर ने रिश्तों से ऊपर चुना ‘जनप्रतिनिधि का धर्म’
  • अभिषेक हादसे में महापौर विकास शर्मा ने पेश की नजीर
  • करीबी का बचाव करने के बजाय पीड़ित परिवार के लिए अड़े
  • इलाज से लेकर आर्थिक मदद तक हर कदम पर बने सहारा

रुद्रपुर। राजनीति में अक्सर माना जाता है कि अपने करीबियों और वफादारों को बचाने के लिए रसूख का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन रुद्रपुर में बीते दिनों घटे चर्चित ‘अभिषेक प्रकरण’ में मुख्यमंत्री के बेहद करीबी माने जाने वाले महापौर विकास शर्मा ने सियासत के इस घिनौने रिवाज को पूरी तरह से खारिज कर दिया। उन्होंने अपने करीबी भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ के भाई सन्नी चुघ की एक्सीडेंटल घटना में किसी भी तरह की पक्षधरता न करते हुए, अपने नगर निगम परिवार की एक सफाई कर्मी मां के इकलौते बेटे की लड़ाई को खुद लड़ा। रिश्तों के बलिदान और सच्चाई के रास्ते पर चलकर महापौर ने एक परिपक्व और संवेदनशील जनप्रतिनिधि की अद्भुत मिसाल कायम की है।

घटना 7 अगस्त की रात काशीपुर रोड पर हुई, जब कार की टक्कर से गांधी कॉलोनी निवासी और नगर निगम की महिला सफाई कर्मी का इकलौता बेटा अभिषेक वाल्मीकि गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराने के बाद बरेली के राममूर्ति अस्पताल ले जाया गया। अगले दिन शनिवार को महापौर नियमानुसार पीपली जंगल स्थित धाम में धार्मिक सेवा-अर्चना में व्यस्त थे। घने जंगल के कारण वहां मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह बाधित रहता है।

महापौर की अनभिज्ञता का सियासी विरोधियों ने जमकर फायदा उठाया। हादसे को राजनीतिक रूप देकर माहौल गरमाने की कोशिश की गई और पुलिस कोतवाली में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करवा दिया गया। महापौर पर मनगढ़ंत आरोप लगाए गए कि वे अपने करीबी पारस चुघ के भाई को बचा रहे हैं।

जैसे ही महापौर पीपली जंगल से लौटे और उन्हें पूरी घटना की जानकारी मिली, वे बिना समय गंवाए सीधे कोतवाली पहुंचे। वहां उत्तेजित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन जब कुछ लोगों ने उन पर निशाना साधना जारी रखा, तो महापौर विवादों में उलझने के बजाय सीधे बरेली स्थित राममूर्ति अस्पताल रवाना हो गए। वहां उन्होंने जीवन-मौत से जूझ रहे अभिषेक का हाल जाना और शोकाकुल परिवार के साथ खड़े होकर ढांढस बंधाया।

मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब नगर निगम पर्यावरण मित्रों और वाल्मीकि समाज ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बेमियादी धरना व काम बंद का ऐलान किया। आम तौर पर नेता ऐसे मौकों पर अपनों को बचाने की जुगत लगाते हैं, लेकिन महापौर विकास शर्मा ने दलगत राजनीति और निजी संबंधों को दरकिनार कर दिया। वे खुद वाल्मीकि समाज के साथ धरने पर बैठ गए। उन्होंने साफ लफ्जों में प्रशासन से कह दिया- जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वह खुद भी धरने से नहीं उठेंगे। आखिरकार प्रशासन को गिरफ्तारी करनी पड़ी और धरने के दौरान ही दोपहर बाद आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना धरना स्थल पर ही महापौर के मोबाइल पर आई, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।

अंतिम सांस तक निभाई मुखिया की जिम्मेदारी

धरना खत्म होने के बाद महापौर चाहते तो मामले से दूरी बना सकते थे, लेकिन उन्होंने पीड़ित परिवार का हाथ नहीं छोड़ा। वे तुरंत दोबारा राममूर्ति अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से लगातार संपर्क बनाए रखा। उन्होंने पीड़ित परिवार को तन, मन और धन से हर संभव मदद मुहैया कराई।

जब राममूर्ति अस्पताल से अभिषेक को ऋषिकेश एम्स ले जाया जा रहा था और रास्ते में अभिषेक की स्थिति बिगड़ने से उसकी दुखद मृत्यु हो गई, तो पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद घड़ी में भी जब कुछ लोगों ने अंत्येष्टि से पहले मुआवजा राशि का मुद्दा उठाकर माहौल बिगाड़ने करने की कोशिश की, तब महापौर ने एक बार फिर राजनीतिक परिपक्वता दिखाई। महापौर ने सार्वजनिक रूप से ऐलान किया कि वे खुद मुख्यमंत्री से मिलकर पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दिलाएंगे। आउटसोर्सिंग में कार्यरत मृतक की असहाय मां को स्थायी नौकरी दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और व्यक्तिगत स्तर पर भी परिवार का संबल बने रहेंगे।

जब ‘रिश्ते’ पड़े फीके और ‘कर्तव्य’ बना सर्वाेपरि

शहर का हर नागरिक जानता है कि भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ, महापौर विकास शर्मा के करीबी और चुनाव में उनके सहयोगी भी रहे हैं। ऐसे में हर किसी को लग रहा था कि सत्ता का लाभ उठाकर आरोपी को बचा लिया जाएगा।

लेकिन महापौर ने साबित कर दिया कि नगर निगम के मुखिया के लिए उनका हर कर्मचारी और शहरवासी अपने परिवार की तरह है। एक राजनीतिक साथी के भाई के बजाय अपनी महिला सफाई कर्मी के दर्द और समाज की भावनाओं को प्राथमिकता देकर विकास शर्मा ने यह संदेश दे दिया है कि ‘सच्चाई और न्याय से बड़ा कोई रिश्ता नहीं होता। उनके इस कदम की आज पूरे शहर में सराहना हो रही है।

error: Content is protected !!