IMG_20261019_174424
  • SSP अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद; अन्य आरोपियों की तलाश जारी

नानकमत्ता। ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता में फायरिंग कर एक युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए कुलदीप सिंह उर्फ बंटी और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को मटिहा बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

घर पर पथराव और फायरिंग के बाद युवक की हत्या

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को ग्राम सिद्धानवदिया निवासी सोनू सिंह ने कोतवाली नानकमत्ता में तहरीर देकर आरोप लगाया कि नामजद आरोपी अवैध तमंचों से लैस होकर एक राय से उनके घर पहुंचे। इस दौरान घर पर पथराव और फायरिंग की गई, जिसमें उनके 35 वर्षीय भाई सतनाम सिंह की गोली लगने से मौत हो गई।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

SSP अजय गणपति ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके निर्देशन में पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के निर्देश दिए गए।

पुलिस टीमों ने वादी के बयान, साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करते हुए 19 अक्टूबर को दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ बंटी (28 वर्ष), निवासी सिद्धानवदिया और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (23 वर्ष), निवासी नौगजा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं।

अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश जारी

पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में कोतवाली नानकमत्ता के प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट सहित नानकमत्ता, सितारगंज और खटीमा पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी तथा एसओजी टीम शामिल रही।

error: Content is protected !!