- भजनों पर श्रद्धालुओं संग झूमे महापौर
- माता की चौकी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रुद्रपुर। नवरात्र की अष्टमी के पावन अवसर पर महापौर विकास शर्मा के नंद विहार कॉलोनी स्थित आवास पर माता की चौकी का भव्य आयोजन किया गया। श्री नीलकंठ धाम चौरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित चौकियों की श्रृंखला के तहत सजे माता के दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तिमय वातावरण में माता रानी के जयकारे गूंजते रहे और भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते और नाचते नजर आए। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

श्री नीलकंठ धाम के महंत एवं महापौर विकास शर्मा के सानिध्य में आयोजित माता की चौकी का शुभारंभ ज्योत प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद श्री गणेश वंदना, श्रीराम स्तुति और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई चौकी में भजन गायकों ने माता रानी, भगवान श्रीराम, भोले बाबा और बालाजी महाराज की महिमा का गुणगान कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। जैसे-जैसे भजनों की प्रस्तुतियां आगे बढ़ीं, श्रद्धालु तालियां बजाकर और माता रानी के जयकारे लगाकर भक्ति में सराबोर होते रहे।

भजन गायक सुमित वार्ष्णेय ने ‘दे चरणां दा प्यार मईया जी सानू रख लो सेवादार’, ‘नच्चो गाओ भगतो अज है जगराता’ और ‘रंग चढ़ गया मां दा लाल’ जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं विनीत अरोरा ने ‘मन लेके आया माता रानी के भवन में’ और ‘इक तू सच्ची सरकार मां झंडेया वाली’ भजनों के माध्यम से माता की महिमा का गुणगान किया। गुड्डू दीवाना ने ‘सज धज के बैठी मां, और मंद मंद मुस्काये’ भजन प्रस्तुत कर भक्तों को भावविभोर किया।
पवन खनिजो ने ‘बम भोले बम’ और ‘नाम मेरी राधा रानी का जिस जिस ने गाया है’ भजनों की प्रस्तुति दी। मंजीत ढोली ने ‘दिल करदा मईया जी मेरा दिल करदा’ और ‘हे शंभू बाबा मेरे भोलेनाथ’ भजन सुनाकर भक्तिमय वातावरण को और उल्लासपूर्ण बना दिया। गायकों की प्रस्तुतियों के दौरान श्रद्धालु माता रानी के जयकारे लगाते रहे। पूरा परिसर भक्तिरस में डूबा नजर आया। महंत विकास शर्मा के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने माता रानी, भोले बाबा और बालाजी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
माता की चौकी में चांद किशन शर्मा और महापौर विकास शर्मा के अलावा श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष महेश बब्बर, ओम प्रकाश अरोड़ा, नरेंद्र अरोड़ा, वेद ठुकराल, अनिल चौहान, रामपाल, सुरेश कोली, धीरेंद्र मिश्रा, मोहन तिवारी, पवन राणा, चिराग कालड़ा, ओम प्रकाश कालड़ा, कपिल सिन्हा, शिवम जग्गा, पवन गाबा, रविंद्र वार्ष्णेय, जगदीश बठला, विवेक दीप सिंह, अमित अरोड़ा, बॉबी, अजय चक्का, सचिन खुराना, राजन राठौड़, पार्षद विष्णु, सुनील ठुकराल, पम्मी सुखीजा, हरवेश मनोचा, संदीप मनोचा, ललित नारंग, दीपक पुंशी, हरजीत राठी, पवन खनिजो, पवन रंगीला, सुशील नारंग, समीर गौड़, मोहित अरोड़ा, विजय तोमर, दीपक शर्मा, राजीव मनोचा, अनुज शर्मा, रोहित मदान, देवेंद्र गिरी, मुकेश शर्मा, चंदन सक्सेना, अमन खुराना, राघव बठला, गौरव खुराना, सोनू, संदीप वाल्मीकि, मुकेश भटनागर, काशीराम, सीमा नारंग, संगीता बठला, सिमरन बठला, कंचन नारंग, पूनम मदान, नीलू खुराना, गीता शर्मा, भूमिका शर्मा, मीना वार्ष्णेय, यशी वार्ष्णेय, ताशवी वार्ष्णेय, कार्तिक देवल, संगम अरोड़ा, डंपी चोपड़ा, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
