- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस की कार्रवाई, मुख्य बाजार में हुई चोरी के मामलों में तीन आरोपियों को पकड़ा
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य बाजार में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एसी कम्प्रेशर, मोटर, व्हर्लपूल कंपनी का एसी केबिनेट सहित चोरी का अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि सेल्स टैक्स कार्यालय के पास नई मंडी समिति की ओर तीन संदिग्ध व्यक्ति दो सफेद कट्टों और अन्य सामान के साथ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों संदिग्धों को सामान सहित पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनकी पहचान दीपू, मुकेश कुमार और नीरज कुमार के रूप में हुई। तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एसी कम्प्रेशर, एक मोटर, व्हर्लपूल कंपनी का एसी केबिनेट/आउटर, एसी आउटर के दो सफेद कवर, एक प्लास्टिक फैन, 45 कनेक्टर वायर और अन्य लोहे का सामान बरामद किया है। बरामद सामान को चोरी की घटनाओं से संबंधित बताया गया है।
इस मामले में कोतवाली रुद्रपुर में दर्ज एफआईआर संख्या 540/2026 और 543/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के साथ धारा 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
