IMG-20261015-WA0074
  • विधायक शिव अरोरा ने सुनीं जनसमस्याएं, मौके पर अनेको लोगो की शिकायतों का निस्तारण; बाल विवाह रोकने की दिलाई गई शपथ

रुद्रपुर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सेवा सेतु अभियान के निमित रुद्रपुर विधानसभा के ग्राम पंचायत बरीराई के ग्राम सुंदरपुर में बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, ब्लॉक प्रमुख ज्योति प्रीत ग्रोवर, सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। जल संस्थान, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल, बाल विकास, चिकित्सा, कृषि, मत्स्य, पशुपालन, शिक्षा, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण उद्यमिता संवर्धन परियोजना, उड़ान मसाला ग्रोथ सेंटर, समाज कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति समेत अन्य विभागों ने सहभागिता की।

528 ग्रामीणों ने लिया योजनाओं और सेवा का लाभ लेने पहुंचे

शिविर में 528 ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं और जिज्ञासाएं सुनकर उनका समाधान किया। शिविर में लिखित रूप से प्राप्त नौ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

विधायक शिव अरोरा ने कहा, “सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान होना चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।”

विधायक शिव अरोरा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना और जनसमस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना रहा।

महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित, बाल विवाह के खिलाफ दिलाई शपथ

कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए मार्गदर्शन भी दिया। उड़ान मसाला ग्रोथ सेंटर में स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिससे स्थानीय उद्यमिता और स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिला।

शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने बाल विवाह रोकने की शपथ भी ली। इस पहल के माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसके उन्मूलन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन शाश्वत शाह, बीएमएम एनआरएलएम ने किया, जबकि जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास विभाग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी रहे।

इस दौरान दर्जामंत्री उत्तम दत्ता, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, प्रीत ग्रोवर, जगदीश विश्वास, राजेश बजाज, मनोज गुम्बर,कपिल शर्मा, विजय कुमार, दयाल सिकदार, अजितेश, प्रेम पाल आदि लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!