- बगवाड़ा बाईपास पर पुलिस और आरोपियों के बीच हुई फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में लगी गोली; दो तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद
रुद्रपुर। रेशमबाड़ी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामले में नामजद दो और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया गया है। इसके साथ ही रेशमबाड़ी हत्याकांड में नामजद सभी छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बगवाड़ा बाईपास पर हुई पुलिस मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर 2026 को रेशमबाड़ी क्षेत्र में हुई हत्या की घटना के बाद से ही नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में 28 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम ने बगवाड़ा बाईपास क्षेत्र में प्रिंस ठाकुर और प्रियांशु कश्यप को पकड़ने का प्रयास किया।
इस दौरान आरोप है कि दोनों अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों अभियुक्तों के पैरों में गोली लग गई।
दो तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों घायल अभियुक्तों को गिरफ्तार कर प्राथमिक उपचार दिलाया। पुलिस ने उनके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
- प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी पुत्र अशोक कुमार, उम्र 22 वर्ष, निवासी दूधियानगर, वार्ड नंबर 13।
- प्रियांशु कश्यप पुत्र सोमपाल कश्यप, उम्र 22 वर्ष, निवासी दूधियानगर, वार्ड नंबर 13।
सभी छह नामजद अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, रेशमबाड़ी हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक सभी छह नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को मामले में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

