IMG-20261014-WA0121
  • 100 MBBS सीटों के साथ संचालन का रास्ता साफ, केंद्र सरकार अब तक दे चुकी है 300 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि

रुद्रपुर। पं. रामसुमेर शुक्ल स्मृति राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से 100 MBBS सीटों के साथ संचालन का मार्ग प्रशस्त होने पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने इसे उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को शुरू कराने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार अब तक 300 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध करा चुकी है। परियोजना 90:10 के वित्तीय अनुपात पर आधारित है, जिसमें शेष राज्यांश उत्तराखंड सरकार की ओर से उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में 100 MBBS सीटें उपलब्ध होने से प्रदेश के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और भविष्य में प्रशिक्षित चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से मिली सफलता

सांसद अजय भट्ट ने बताया कि उन्होंने मेडिकल कॉलेज को इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास किए। इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से निरंतर संपर्क बनाए रखने के साथ पत्राचार किया और व्यक्तिगत रूप से वार्ता भी की। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर मेडिकल कॉलेज को वर्तमान सत्र से प्रारंभ कराने का अनुरोध किया था। हालांकि, कुछ तकनीकी कारणों के चलते इसे मौजूदा शैक्षणिक सत्र में शुरू करना संभव नहीं हो पाया। अब शैक्षणिक सत्र 2027-28 से संचालन की दिशा में आवश्यक निर्देश जारी होने से उम्मीद जगी है।

कुमाऊं में चिकित्सा शिक्षा को मिलेगी नई मजबूती

सांसद ने कहा कि उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज की सुविधा मिलने के बाद रुद्रपुर में 100 MBBS सीटों के साथ इस संस्थान का संचालन प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। इससे विशेष रूप से कुमाऊं क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। साथ ही, क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी।

अंत में सांसद अजय भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रदेशवासियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू होना पूरे उत्तराखंड के लिए प्रसन्नता का विषय है और इससे प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे।

error: Content is protected !!