IMG-20261128-WA0087
  • पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी शिवम चन्द्रा उर्फ बर्गर घायल, अस्पताल में उपचार जारी; दो नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

रुद्रपुर। रेशमबाड़ी चाकूबाजी और हत्याकांड मामले में एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में रुद्रपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने अब तक मामले में नामजद छह आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक आरोपी शिवम चन्द्रा उर्फ बर्गर पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में पकड़ा गया, जिसका उपचार चल रहा है। वहीं, दो अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद रात में विनोद कश्यप अपने साथियों के साथ रेशमबाड़ी निवासी राम अवतार के घर पहुंचा, जहां परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में लीलाधर, राहुल समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया।

मामले में वादी की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने विवेचना के दौरान साक्ष्य जुटाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं।

बागवाड़ा मंडी के पास दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने 27 नवंबर को कार्रवाई करते हुए बागवाड़ा मंडी गेट के सामने किच्छा रोड से सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह और विनोद कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप को गिरफ्तार किया।

मुठभेड़ में शिवम चन्द्रा घायल, तमंचा बरामद

28 नवंबर की सुबह भगवानपुर क्षेत्र में सरदारों के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस की शिवम चन्द्रा उर्फ बर्गर से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खेतों की ओर भागकर पेड़ की आड़ से पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आईं।

मेडिसिटी अस्पताल के पास से अरुण ठाकुर गिरफ्तार

इसी दिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मेडिसिटी अस्पताल के पास किच्छा रोड स्थित तीन पानी तिराहे से एक अन्य नामजद आरोपी अरुण कुमार ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया।

दो आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, अब तक गिरफ्तार चार आरोपियों में सुभाष, विनोद कश्यप, शिवम चन्द्रा उर्फ बर्गर और अरुण कुमार ठाकुर शामिल हैं। वहीं, मामले में नामजद प्रिन्स ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!