- त्रिशूल चौक–मेडिकल कॉलेज 8 लेन सड़क परियोजना की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, एक सप्ताह में कई प्रमुख मार्गों पर कार्य शुरू करने के आदेश
रुद्रपुर। शिव अरोरा ने त्रिशूल चौक स्थित लोक निर्माण विभाग कार्यालय में PWD अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र के विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित 8 लेन सड़क चौड़ीकरण परियोजना की धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
विधायक ने कहा कि उनके प्रस्ताव पर त्रिशूल चौक से अटरिया मोड़ और मेडिकल कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य चरणबद्ध तरीके से होना था, लेकिन तकनीकी खामियों और विभागीय समन्वय की कमी के कारण कार्य में देरी हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और परियोजना को तय समय सीमा में पूरा करना होगा।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि डीडी चौक से पीएसी गेट तक 3.25 करोड़ रुपये का टेंडर जारी हो चुका है, जबकि डीडी चौक से मेडिकल कॉलेज तक पोल शिफ्टिंग का कार्य विद्युत विभाग द्वारा 5.47 करोड़ रुपये की लागत से टेंडर प्रक्रिया में है। आने वाले दिनों में पोल शिफ्टिंग का कार्य शुरू होने की संभावना है।
विधायक अरोरा ने निर्देश दिए कि पीएसी से मेडिकल कॉलेज तक चौड़ीकरण का एस्टीमेट बनाकर विकास प्राधिकरण को भेजा जाए ताकि धनराशि स्वीकृत कर आगे की टेंडर प्रक्रिया शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि यह उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसे 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक एक लेयर (GSB) का कार्य इसी माह पूरा किया जाए। साथ ही कुछ स्थानों पर बाधक निर्माण संरचनाओं को हटाने की प्रक्रिया भी तेज करने को कहा गया।
इसके अलावा, विधायक ने अन्य सड़कों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने महतोष–मानूनगर मार्ग पर बारिश से पहले एक कोट बिछाने के निर्देश दिए, ताकि बरसात में लोगों को परेशानी न हो।
भूरारानी–शांति बिहार–छतरपुर मार्ग के लिए स्वीकृत 2.47 करोड़ रुपये के कार्य को एक सप्ताह के भीतर शुरू करने के आदेश दिए गए। साथ ही मुकरांदपुर मार्ग (32 लाख), महतोष मोड़–अलखदेवी मार्ग (46 लाख) और केसरपुर–श्मशान घाट मार्ग (58 लाख) के टेंडर कार्य भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार बढ़ी है और मुख्यमंत्री के सहयोग से रुद्रपुर में सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहेगा।
बैठक में अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह, सहायक अभियंता बसेड़ा, मयंक कक्कड़ सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
