- रिंग रोड, मेडिकल कॉलेज, राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार और खेल सुविधाओं सहित कई विकास कार्यों का किया उल्लेख; कहा— विकास के साथ सभी वर्गों का सम्मान करना भी विधायक की प्राथमिकता
रुद्रपुर। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की सदस्य एवं नगर पालिका परिषद रुद्रपुर की पूर्व अध्यक्ष मीना शर्मा ने रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा की सराहना करते हुए कहा कि उनके साढ़े चार साल के कार्यकाल में शहर में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक शिव अरोड़ा ने रुद्रपुर को विकास की दृष्टि से प्रदेश के अग्रणी शहरों की पंक्ति में लाने के लिए प्रयास किए हैं।
मीना शर्मा ने रिंग रोड, मेडिकल कॉलेज, नैनीताल-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग के आठ लेन में निर्माण, काशीपुर बाईपास के चौड़ीकरण, लेक पैराडाइज झील से चामुंडा मंदिर शिवनगर तक सीसी रोड निर्माण, मोदी मैदान में मिनी आउटडोर एवं इनडोर स्टेडियम और बिंदुखेड़ा रोड के निर्माण जैसे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से रुद्रपुर की पहचान को मजबूती मिली है और शहरवासी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विधायक शिव अरोरा ने अपने वादों से आगे बढ़कर काम करने का प्रयास किया है। उनके अनुसार, वर्तमान विधायक ने विकास को अपना मुख्य एजेंडा बनाया और विकास कार्यों के साथ-साथ सभी वर्गों का सम्मान करने को भी अपनी जिम्मेदारी समझा।
पूर्व विधायक पर भी साधा निशाना
मीना शर्मा ने पूर्व विधायक पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में सांप्रदायिक मुद्दों को बढ़ावा दिया गया और मुस्लिम समुदाय तथा महिलाओं के प्रति उनकी सोच एवं बयानबाजी विवादित रही। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा से समाज के विभिन्न वर्गों की भावनाएं आहत हुईं।
मीना शर्मा ने आगे कहा कि विरोधियों की ओर से कथित तौर पर किए जा रहे भ्रामक प्रचार के बावजूद विधायक शिव अरोड़ा की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता के चलते विधायक को जनता का समर्थन मिलता रहेगा।
