- सिमकनी मैदान में जनसभा को करेंगे संबोधित, कांग्रेस ने बताया चुनावी अभियान को नई ऊर्जा देने वाला कार्यक्रम
अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। इसी क्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज उत्तराखण्ड दौरे पर अल्मोड़ा पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी यहां सिमकनी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनसभा स्थल पर मंच निर्माण, लोगों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। कांग्रेस इस कार्यक्रम को प्रदेश में अपने आगामी राजनीतिक अभियान के लिहाज से अहम मान रही है।
पिछले कई दिनों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अल्मोड़ा में रैली की तैयारियों में जुटे हुए थे। पार्टी की उत्तराखण्ड प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित कई नेता संगठनात्मक बैठकों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनसभा को लेकर गांवों और शहरों में संपर्क अभियान चलाया। पार्टी की ओर से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं के अल्मोड़ा पहुंचने की व्यवस्था की गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी की यह जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।
पार्टी का दावा है कि इस रैली के माध्यम से प्रदेश के मुद्दों को उठाने के साथ बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का प्रयास किया जाएगा। सुबह से ही अल्मोड़ा में विभिन्न क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
उत्तराखण्ड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं और लोगों में उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह जनसभा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने का काम करेगी।
राजनीतिक जानकारों की नजर भी इस कार्यक्रम पर है, क्योंकि 2027 के चुनाव से पहले उत्तराखण्ड में राजनीतिक दल अब संगठन और जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने में जुट गए हैं।
