- सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का लिया गया तत्काल संज्ञान, दहशत फैलाने वाले आरोपी को घटना में प्रयुक्त तलवार सहित दबोचा; हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ीं
रुद्रपुर। जनपद उधम सिंह नगर में अपराधमुक्त एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तलवार लेकर हत्या की नीयत से घूम रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 1 जून 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति तलवार से हमला कर वाहन में तोड़फोड़ करते हुए क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बनाता दिखाई दे रहा था। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच में पता चला कि घटना चौकी रम्पुरा क्षेत्र के प्रीत विहार की है। प्रीत विहार निवासी रेहान पुत्र मोहम्मद अहमद के पारिवारिक विवाद के चलते उसका रिश्तेदार कादिर निवासी रेशमबाड़ी तलवार लेकर उसके घर पहुंचा था। आरोपी का उद्देश्य रेहान पर जानलेवा हमला करना था, लेकिन सीसीटीवी कैमरे में उसे देख लेने के कारण घर का मुख्य गेट नहीं खोला गया।
अपने मंसूबों में नाकाम रहने पर आरोपी ने घर के बाहर खड़ी कार पर तलवार से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और क्षेत्र में दहशत फैलाकर फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस को 3 जून को सूचना मिली कि आरोपी पुनः तलवार लेकर ब्लॉक रोड क्षेत्र में घूम रहा है और पीड़ित की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलवार बरामद होने के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कादिर पुत्र शब्बीर निवासी वार्ड नंबर 13, रेशमबाड़ी, थाना रुद्रपुर, जनपद उधम सिंह नगर, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को चुनौती देने, आमजन में भय और दहशत का माहौल पैदा करने तथा समाज की शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उधम सिंह नगर पुलिस अपराधियों के विरुद्ध पूरी दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
