IMG-20260604-WA0049
  • गणेश गोदियाल की पहल पर वीडियो कॉल से हुई बातचीत

 

पौड़ी गढ़वाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का गुरुवार को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा खराब मौसम की वजह से पूरा नहीं हो सका। पौड़ी गढ़वाल में राहुल गांधी की अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात होनी थी, लेकिन कार्यक्रम रद्द होने के बाद उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से उनसे बातचीत की।

 

राहुल गांधी गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे थे। उनके अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल और देहरादून में अलग-अलग कार्यक्रम प्रस्तावित थे। पौड़ी के कंडोलिया मैदान में उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी, पूर्व सैनिक और स्थानीय लोग पहुंचे थे। लेकिन मौसम खराब होने के कारण राहुल गांधी पंतनगर एयरपोर्ट से आगे नहीं जा सके और उन्हें अपना दौरा रद्द कर वापस दिल्ली लौटना पड़ा।

 

वीडियो कॉल पर अंकिता के माता-पिता से जाना हाल

 

पौड़ी दौरा रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित किया। इसी दौरान कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल की पहल पर उनकी बातचीत अंकिता भंडारी के माता-पिता से वीडियो कॉल के जरिए करवाई गई। बातचीत के दौरान अंकिता के माता-पिता ने राहुल गांधी से मुलाकात करने की इच्छा जताई।

 

राहुल गांधी बोले- जब चाहें मिलने आ सकते हैं

 

राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे जब भी चाहें उनसे मिलने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि गणेश गोदियाल के माध्यम से समय तय कर मुलाकात की जा सकती है। राहुल गांधी ने कहा कि उनके घर के दरवाजे हमेशा खुले हैं और अंकिता के माता-पिता अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी उनसे मिलने आ सकते हैं।

 

गोदियाल ने भी दिया साथ जाने का भरोसा

 

बातचीत के बाद कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल ने भी अंकिता के माता-पिता को आश्वस्त किया कि वे जब भी राहुल गांधी से मुलाकात करना चाहेंगे, वह उनके साथ चलने के लिए तैयार हैं। गौरतलब है कि अंकिता भंडारी प्रकरण उत्तराखंड के चर्चित मामलों में शामिल रहा है और उनके परिजन लगातार न्याय की मांग उठाते रहे हैं।

error: Content is protected !!