- वार्षिक आम सभा में सर्वसम्मति से हुई घोषणा, कोर टीम का भी गठन
रुद्रपुर। सिडकुल इंटरप्रिन्योर वेलफेयर सोसायटी (एसईडब्ल्यूएस) की वार्षिक आम सभा शनिवार को उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में औद्योगिक विकास, निवेश, कौशल विकास, श्रमिक कल्याण और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर मंथन किया गया। आम सभा का मुख्य आकर्षण सोसायटी के नए अध्यक्ष की घोषणा रही। संस्थापक अजय तिवारी ने सर्वसम्मति से बैरोक कंपनी के क्लस्टर हेड गजेन्द्र सिंह को सोसायटी का नया अध्यक्ष घोषित किया। निवर्तमान अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा ने विधिवत उन्हें दायित्व सौंपते हुए सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ निवर्तमान अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा, संस्थापक अजय तिवारी, संजय सिंघल तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद बनवासी छात्रावास की छात्राओं ने आकर्षक गणेश वंदना प्रस्तुत की तथा सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ। समारोह के दौरान संस्था से जुड़े नए सदस्यों, महिला सदस्यों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्योग प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया।
वार्षिक आम सभा की थीम ‘इम्पावरिंग इंडस्ट्रीज फॉर विकसित भारत-2047’ रही। कार्यक्रम में सिडकुल पंतनगर एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की अनेक प्रतिष्ठित कंपनियों के प्लांट हेड, एचआर हेड, उद्योग प्रतिनिधि तथा वरिष्ठ प्रबंधन अधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। एजीएम का उद्देश्य उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, निवेश एवं रोजगार को बढ़ावा देना, औद्योगिक समस्याओं के समाधान के लिए साझा मंच उपलब्ध कराना तथा उत्तराखंड को देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में स्थापित करने की दिशा में सामूहिक प्रयासों को गति देना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए निवर्तमान अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा ने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब उद्योग, प्रशासन और समाज मिलकर साझा जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि उद्योग केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि रोजगार सृजन, सामाजिक विकास और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव भी हैं।
सोसायटी के संस्थापक अजय तिवारी एवं संजय सिंघल ने संगठन की स्थापना से अब तक की यात्रा, उपलब्धियों और उद्योगों के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए सदस्य उद्योगों से एकजुट होकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते औद्योगिक परिवेश में उद्योगों की साझा आवाज को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी सदस्य उद्योगों के सहयोग से सोसायटी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उद्योगों की समस्याओं के समाधान, प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय, निवेश को प्रोत्साहन, कौशल विकास, श्रमिक कल्याण, औद्योगिक सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संगठन उद्योगों और प्रशासन के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाता रहेगा।
बैठक के दौरान औद्योगिक विकास, कौशल विकास, श्रमिक हितों, निवेश प्रोत्साहन, प्रशासनिक समन्वय, औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों ने विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में उद्योगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प भी लिया।
महिला सशक्तिकरण को विशेष महत्व देते हुए कुलविंदर कौर, मुक्ता टंडन एवं पूरी महिला टीम के योगदान की सराहना की गई। इस दौरान उद्योगों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा समान अवसर उपलब्ध कराने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर नई कोर कमेटी का भी गठन किया गया। इसमें विशाल गर्ग, अनिरुद्ध शर्मा, प्रदीप, रमन सिंह, दीपक सोनी, राकेश कुमार, संदीप उपाध्याय, वी.पी. सिंह, विनीत सिंह, आर.के. सिंह, अनूप सिंह, संजय सिंह, कुलविंदर कौर, रवि शरण, उत्तम सिंह, संजय राय और राकेश मिश्रा सहित कई सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष रगोड़े, पूर्व अध्यक्ष आशुतोष, महासचिव गजेन्द्र सिंह, संयुक्त सचिव ललिता जोशी, कोषाध्यक्ष विनीत शर्मा, आईआर प्रतिनिधि उत्तम सिंह, मीडिया कोऑर्डिनेटर तेजराम बघेल, अनूप सिंह, नकवी, वी.पी. सिंह, संजय सिंह, रवि शरण, कोऑर्डिनेटर राजेश मिश्रा, गौरव सिंह सोलंकी, सुनील शर्मा सहित उद्योग जगत के तमाम लोग मौजूद रहे।
