IMG-20260719-WA0009
  • करीब 10 लाख रुपये की अवैध अफीम, यामाहा R-15 बाइक, दो मोबाइल और नकदी बरामद; एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज, तस्करी नेटवर्क की जांच तेज

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशा मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने 2.187 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ दो अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की रात बगवाड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह रिंगवाल अपनी टीम के साथ रामनगर शिव मंदिर के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एसओजी टीम भी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी यामाहा R-15 मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी की तो बारिश के कारण उनकी बाइक फिसल गई। दोनों आरोपी बैग लेकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झनकार सिंह (28), निवासी बिशनपुर गुलड़िया, बहेड़ी (बरेली) तथा आकाश वर्मा (23), निवासी कुरैया, बरखेड़ा (पीलीभीत) के रूप में हुई। दोनों वर्तमान में ट्रांजिट कैम्प, रुद्रपुर में रह रहे थे।

तलाशी के दौरान झनकार सिंह के बैग से 1.079 किलोग्राम तथा आकाश वर्मा के बैग से 1.108 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। कुल 2.187 किलोग्राम अफीम के अलावा पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त यामाहा R-15 मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद भी बरामद किए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह अफीम मुजफ्फर अंसारी नामक व्यक्ति से लेकर आए थे और आगे सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

इस मामले में कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है, जबकि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नरेश पंत द्वारा की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शेगी नहीं। उन्होंने आम जनता से भी नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

error: Content is protected !!