- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ANTF और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, करीब 6 लाख रुपये का गांजा जब्त; तस्करी नेटवर्क की अन्य कड़ियों की तलाश जारी
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 22 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा, एक मोटरसाइकिल और एप्पल (आईफोन) मोबाइल बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी (ऑपरेशन) वैभव सैनी के पर्यवेक्षण में ANTF प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी एवं कोतवाली रुद्रपुर प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू के नेतृत्व में पुलिस टीम 17 जुलाई की रात चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान किरतपुर जाने वाले मार्ग की सर्विस लेन पर संदिग्ध वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सुशील कुमार ने बताया कि उसने यह गांजा अपने जीजा राकेश साहनी से लिया था और इसे रामपुर टोल प्लाजा से पहले किसी व्यक्ति को पहुंचाना था। पुलिस अब राकेश साहनी समेत इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर संख्या 368/26 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, वहीं उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
सुशील कुमार पुत्र रामवरण साहनी, निवासी ग्राम भिरारी, थाना चकमेसी, जिला समस्तीपुर (बिहार), वर्तमान पता सरस्वती विहार कॉलोनी, भूरारानी, रुद्रपुर।
बरामदगी:
22.500 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत करीब ₹6 लाख)
एक मोटरसाइकिल
एक एप्पल (आईफोन) मोबाइल फोन
