- पारंपरिक वेशभूषा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर लिया हिस्सा, छठी मईया के जयकारों से भक्तिमय हुआ वातावरण
रुद्रपुर । फुलसुंगा स्थित रुद्रा इन्क्लेव में छठ महापर्व के उपलक्ष्य में आयोजित छठ पूजा महोत्सव का शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सजी सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर कलश यात्रा में श्रद्धापूर्वक प्रतिभाग किया। भजन कीर्तन और छठी मईया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। जगह जगह श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा का स्वागत किया।

प्रगतिशील पूर्वांचल महासभा की ओर से आयोजित छठ पूजा महोत्सव के तहत निकाली गई कलश यात्रा का शुभारंभ गंगापुर स्थित पानी वाले मंदिर से हुआ। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री धीरेन्द्र मिश्रा एवं समाजसेवी उपेन्द्र गिरि ने संयुक्त रूप से विधिवत पूजा अर्चना के बाद कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद पारंपरिक वेशभूषा में सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुईं।
कलश यात्रा पानी वाले मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई रुद्रा इन्क्लेव स्थित छठ घाट पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु छठी मईया के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। महिलाओं की बड़ी भागीदारी और धार्मिक उत्साह ने पूरे क्षेत्र को छठमय बना दिया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने छठी मईया के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए परिवार की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कलश यात्रा के दौरान प्रगतिशील पूर्वांचल महासभा की ओर से इसमें शामिल सभी महिलाओं को कलश और बड़ी चुनरी प्रदान की गई। आयोजन समिति की ओर से महिलाओं की सहभागिता और धार्मिक परंपराओं के प्रति उनके उत्साह की सराहना की गई। कलश यात्रा के सफल आयोजन में महासभा के सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने सहयोग किया।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री धीरेन्द्र मिश्रा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह पर्व आस्था, श्रद्धा, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। छठ पूजा में भगवान सूर्य और छठी मईया की आराधना के माध्यम से परिवार और समाज की सुख समृद्धि की कामना की जाती है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों को महोत्सव के शुभारंभ की बधाई दी।
कार्यक्रम संयोजक एवं समाजसेवी उपेन्द्र गिरि ने कलश यात्रा में शामिल सभी महिलाओं, श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भव्य कलश यात्रा के साथ छठ पूजा महोत्सव का विधिवत आगाज हो गया है। महासभा की ओर से प्रतिवर्ष छठ महापर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष भी महोत्सव का आयोजन पिछले वर्षों की भांति पूरे धार्मिक उत्साह और पारंपरिक रीति रिवाजों के साथ किया जाएगा।

