- ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई, ₹8,200 नकदी, बाइक और तीन मोबाइल फोन समेत नशीला पदार्थ बरामद
सितारगंज। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली सितारगंज पुलिस ने स्मैक की तस्करी एवं बिक्री के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 17.15 ग्राम स्मैक, ₹8,200 की नकदी, एक पल्सर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन समेत अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली सितारगंज पुलिस टीम ग्राम नकुलिया क्षेत्र में लेबर/मजदूर सत्यापन एवं गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे पल्सर मोटरसाइकिल पर बैठे अभियुक्त के आसपास कुछ युवक दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर उक्त युवक मौके से फरार हो गए, जबकि मोटरसाइकिल सवार युवक बाइक मोड़कर घर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे आंगन के बाहर पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कुलदीप सिंह पुत्र कश्मीर सिंह, निवासी ग्राम नकुलिया, चौकी सिडकुल, कोतवाली सितारगंज, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 17.15 ग्राम स्मैक, स्मैक बिक्री से अर्जित होना बताया गया ₹8,200, पल्सर मोटरसाइकिल संख्या UK06BM5190, तथा Vivo, Samsung Galaxy और iPhone 13 सहित तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा 50 कागज के टुकड़े, 06 फ्यूल पेपर के टुकड़े और 15 पारदर्शी पन्नियां भी बरामद हुई हैं।
बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली सितारगंज में एफआईआर संख्या 406/2026, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक कैलाश देव (कस्बा इंचार्ज), हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल टीएस मरतोलिया, कांस्टेबल प्रेम कनवाल, कांस्टेबल अशोक बोरा एवं कांस्टेबल ज्योति शर्मा शामिल रहे।
