IMG-20261115-WA0068
  • पूर्वांचल समाज ने विभिन्न स्थानों पर किया स्वागत, सूर्यदेव और छठी मैया से नगर की सुख-समृद्धि की कामना की

रुद्रपुर। लोक आस्था, श्रद्धा, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर रविवार शाम महापौर विकास शर्मा ने शहर के विभिन्न छठ पूजा घाटों का भ्रमण कर व्रती माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा के लिए घाटों पर पहुंचे पूर्वांचल समाज के लोगों को महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विभिन्न स्थानों पर पूर्वांचल समाज के लोगों ने महापौर का आत्मीय स्वागत कर उनका अभिनंदन किया।

महापौर विकास शर्मा ने वार्ड नंबर 1 एवं 2,खेड़ा संतोषी माता मंदिर, तीनपानी डाम क्षेत्र स्थित छठ घाटों पर पहुंचकर व्रती महिलाओं से मुलाकात की और उनकी सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने ट्रांजिट कैंप फुटबॉल मैदान, वार्ड नंबर 5 एवं 6, जगतपुरा, अटरिया मंदिर और धोबी घाट सहित शहर के विभिन्न छठ पूजा स्थलों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं से संवाद किया।

इस दौरान घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों, पूजा-अर्चना और सूर्य उपासना के बीच भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने की तैयारियां कीं। महापौर ने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर पर्व की खुशियां साझा कीं और पूर्वांचल समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व हमें भगवान सूर्यदेव की उपासना के माध्यम से जीवन में अनुशासन, पवित्रता, समर्पण और सकारात्मकता का संदेश देता है। छठ पूजा में व्रती माताओं-बहनों की कठिन तपस्या, अटूट श्रद्धा और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए उनकी आस्था समाज के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं और सामाजिक एकता का संगम है। यहां सभी समाजों के लोग आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ प्रत्येक पर्व को मिलकर मनाते हैं। छठ महापर्व भी इसी सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता को और मजबूत करता है।

महापौर ने भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया से समस्त नगर निगम क्षेत्र और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि छठी मैया की कृपा सभी परिवारों पर सदैव बनी रहे और प्रत्येक घर में खुशहाली का वास हो।

इस अवसर पर विभिन्न छठ पूजा घाटों पर बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज के लोग, श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!