IMG-20260719-WA0013
  • केलाखेड़ा पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत आरोपी को दबोचा, लूटे गए सोने के कुंडल, नकदी और मोबाइल बरामद

ऊधम सिंह नगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में केलाखेड़ा पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मात्र 36 घंटे के भीतर बुजुर्ग महिला से कुंडल लूट की घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लूट से संबंधित शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 को डायल-112 पर सूचना मिली थी कि मजरा रहमतुल्ला निवासी एक बुजुर्ग महिला सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उन्हें सुनसान रास्ते पर खेत में धक्का देकर उनके कानों से करीब दो तोला सोने के कुंडल लूट लिए और फरार हो गया। पीड़िता पैरालिसिस से पीड़ित होने के कारण बोलने में असमर्थ हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के नेतृत्व में थानाध्यक्ष केलाखेड़ा मनीष खत्री ने तीन विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, 40 संदिग्धों को चिन्हित किया और तकनीकी सर्विलांस व मैनुअल पुलिसिंग के जरिए लगातार जांच जारी रखी।

19 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर बोर नदी पुल के पास से रामस्वरुप (35) निवासी चन्दनपुरा, थाना केलाखेड़ा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटे गए एक जोड़ी सोने के कुंडल, 380 रुपये नकद और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गदरपुर स्थित एक राइस मिल में बॉयलर चलाने का काम करता है। रोजाना आते-जाते उसने बुजुर्ग महिला को अकेले टहलते और कानों में सोने के कुंडल पहने देखा था। लालच में आकर उसने महिला को खेत में धक्का देकर कुंडल लूट लिए और उन्हें बेचने के लिए रामपुर जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद कुंडलों की पहचान पीड़िता के परिजनों से कराई, जिन्होंने उन्हें अपना होना बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!