- एसएसपी अजय गणपति के निर्देश और एसपी ट्रैफिक जितेन्द्र चौधरी के निर्देशन में चला विशेष अभियान, नो-एंट्री, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों पर कसा शिकंजा
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस रुद्रपुर द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात जितेन्द्र चौधरी के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 114 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर व्यापक चेकिंग की गई। इस दौरान रुद्रपुर-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नो-एंट्री जोन में प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने वाले 5 ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उनके वाहन सीज कर दिए गए।
यातायात पुलिस ने एल्कोमीटर की सहायता से वाहन चालकों की जांच भी की। चेकिंग के दौरान एक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया, जिसे गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया गया तथा उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाने, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने, ओवरस्पीडिंग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और ट्रिपल राइडिंग करने वाले चालकों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात जितेन्द्र चौधरी ने कहा कि यातायात पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है और नागरिकों की सुरक्षा ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
