- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में एएनटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 1.15 किलो चरस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के “नशा मुक्त देवभूमि उत्तराखंड” अभियान को धरातल पर उतारने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एएनटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 किलो 150 ग्राम अवैध चरस, दो मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार 3 जून को रेलवे फाटक के आगे सैनिक फार्म जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दो युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान सुमित सिंह चमयाल के कब्जे से 1 किलो 43 ग्राम तथा योगेश लमगड़िया के पास से 107 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पंतनगर में एफआईआर संख्या 107/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बरामद चरस को चम्पावत जिले के पाटी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से लेकर आए थे। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और सप्लायर समेत अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।
