- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ट्रांजिट कैम्प पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो अवैध तमंचे, कारतूस और मोबाइल बरामद
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने क्षेत्र में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का त्वरित खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक किशोर को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो अवैध तमंचे, कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को शास्त्री नगर, गड्ढा कॉलोनी निवासी कृष सिंह ने कोतवाली ट्रांजिट कैम्प में तहरीर देकर बताया कि पड़ोसी सोनू जूड़ी उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहा था। आरोप है कि 16 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे सोनू जूड़ी अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिलों पर सवार होकर उसके घर पहुंचा और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर घर में तोड़फोड़ की। जान बचाने के लिए पीड़ित घर के अंदर छिप गया। घटना के बाद घर की दीवारों पर गोलियों के निशान भी मिले।
मामले में पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने लगातार दबिश दी और 18 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर मोदी मैदान क्षेत्र से चार संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू राठौर उर्फ जूड़ी, यश सिंह और सोहेल के रूप में हुई, जबकि एक किशोर को संरक्षण में लिया गया है।
तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी सोनू राठौर उर्फ जूड़ी के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और छह खोखा कारतूस, जबकि किशोर के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और दो जीवित कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
पुलिस ने बताया कि अवैध हथियार रखने के मामले में मुख्य आरोपी सोनू राठौर उर्फ जूड़ी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
