IMG-20260718-WA0015
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में कार्रवाई, आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद

काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत काशीपुर पुलिस को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन अलग-अलग बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई तीनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को प्रेमनाथ यादव, ललित बाली और संदीप कुमार ने कोतवाली काशीपुर में अलग-अलग स्थानों से उनकी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों के आधार पर तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए जांच को आगे बढ़ाया। इसी क्रम में 17 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक मीना रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मानपुर रोड स्थित नौगजा मजार के पास से संजय सिंह उर्फ शेरा (23 वर्ष) निवासी लालपुर, थाना टांडा बादली, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें एक सुपर स्प्लेंडर(UK18G-0987), एक अन्य मोटरसाइकिल (UK18S-0950) और एक सीडी डीलक्स (UA06H-4600) बाइक शामिल है। बरामद वाहन संबंधित तीनों मुकदमों से जुड़े पाए गए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मीना रावत, उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र, अपर उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह बोरा तथा कांस्टेबल दर्शन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

error: Content is protected !!