IMG-20261018-WA0088
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में बाजपुर पुलिस को मिली सफलता, चोरी की JCB को 7 लाख रुपये में बेचने की थी योजना; मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी।

बाजपुर। ऊधमसिंह नगर के बाजपुर क्षेत्र से चोरी हुई JCB मशीन को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के संभल जनपद के बहजोई क्षेत्र से बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। चोरी की इस वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल से उत्तर प्रदेश की सीमाओं तक राष्ट्रीय राजमार्गों, चौराहों और टोल प्लाजा पर लगे 1200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस की तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद चोरी की गई मशीन तक पहुंचने में सफलता मिली।

शान-ए-पंजाब होटल के सामने से चोरी हुई थी JCB

पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को दिलशाद पुत्र अनवार हुसैन, निवासी मोहल्ला टांडा बंजारा, सुल्तानपुर पट्टी, थाना बाजपुर ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी JCB मशीन संख्या UK18CA-4838 को उनके पार्टनर एवं चालक राशिद अली ने 5 अक्टूबर को काम समाप्त होने के बाद बाजपुर के मुंडिया पिस्तौर स्थित शान-ए-पंजाब होटल के सामने खड़ा किया था।

7 अक्टूबर की सुबह जब चालक मशीन लेने पहुंचा, तो JCB मौके से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी मशीन का कोई सुराग नहीं लगा। शिकायत के आधार पर कोतवाली बाजपुर में FIR संख्या 387/2026, धारा 303(2) BNS के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

1200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी का खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बाजपुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने लगातार करीब एक सप्ताह तक घटनास्थल से उत्तर प्रदेश की सीमा तक राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख चौराहों और टोल प्लाजा पर लगे 1200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, स्थानीय मुखबिरों और मैनुअल सर्विलांस की मदद ली गई। पुलिस ने हाईवे के ढाबा संचालकों और दुकानदारों से भी पूछताछ की तथा संभावित रूट मैप तैयार कर जांच आगे बढ़ाई।

संभल के बहजोई क्षेत्र से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, तकनीकी विश्लेषण और सटीक सूचना के आधार पर 17 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश के संभल जनपद के बहजोई क्षेत्र से आरोपी यूनिस उर्फ सोनू (34 वर्ष), पुत्र हमीद खान, निवासी खिरारी, थाना राया, जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की गई JCB मशीन संख्या UK18CA-4838 बरामद हुई।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है।

7 लाख रुपये में बेचने की थी योजना, अन्य आरोपियों की तलाश

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने JCB मशीन का सौदा सात लाख रुपये में तय होने की बात बताई। पुलिस को दिए गए उसके बयान के मुताबिक, इस मामले में बाजपुर निवासी पप्पू, रंजीत, शहनवाज, प्रशांत और अंशु के नाम सामने आए हैं। आरोपी ने बताया कि उक्त लोगों द्वारा JCB को बाजपुर से चोरी कर बुलंदशहर तक ले जाया गया था।

पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी तलाश जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना के आधार पर की जाएगी।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह, उपनिरीक्षक कैलाश नगरकोटी, देवेंद्र सिंह मेहता और संदीप शर्मा सहित कोतवाली बाजपुर के पुलिसकर्मी तथा SOG काशीपुर के कांस्टेबल कैलाश तोमक्याल शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से JCB चोरी की वारदात का खुलासा हुआ है। मामले में फरार बताए जा रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की जांच और तलाश जारी है।

error: Content is protected !!