02

पुलभट्टा पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्यवाही में शातिर तस्कर गिरफ्तार, बरेली कनेक्शन उजागर

नव भारत मीडिया, उधमसिंहनगर।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशा मुक्त उत्तराखंड” संकल्प को साकार करने की दिशा में जनपद पुलिस ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलभट्टा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 35 लाख रुपये मूल्य की 104.23 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इस बड़ी कार्यवाही से अंतरराज्यीय नशा सप्लाई चेन का पर्दाफाश हुआ है और मामले के तार उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद से जुड़े पाए गए हैं।

चेकिंग के दौरान धत्थे चढ़ा तस्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार 2 मई को पुलिस टीम द्वारा चौकी बरा क्षेत्र अंतर्गत सितारगंज रोड स्थित नैनीताल बैंक के समीप संदिग्धों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उसे रोककर तलाशी ली गई। आरोपी की पहचान मौ0 आकिल पुत्र शाकिर, निवासी इस्लामनगर, सितारगंज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 104.23 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर थाना पुलभट्टा में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया।

बरेली से जुड़े हैं तस्करी के तार
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह यह स्मैक बरेली (उत्तर प्रदेश) के थाना बहेड़ी क्षेत्र स्थित ग्राम मुडिया निवासी “बोबी” नामक व्यक्ति से खरीदकर लाया था। इसे वह स्थानीय क्षेत्र में ऊंचे दामों पर फुटकर बेचने की फिराक में था। पुलिस अब इस नेटवर्क की जड़ तक पहुँचने के लिए मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी हेतु दबिश दे रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मौ0 आकिल का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह वर्ष 2025 में भी सितारगंज क्षेत्र से स्मैक तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।

नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति
एसएसपी अजय गणपति ने इस सफल कार्यवाही पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे का कारोबार करने वाले समाज और आने वाली पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने कहा कि जनपद पुलिस नशे के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक तीव्र किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नशे के विरुद्ध इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना गोपनीय रूप से साझा करें।

इस महत्वपूर्ण कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में निरीक्षक राजेश पाण्डेय (प्रभारी ANTF), थानाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा (पुलभट्टा), उपनिरीक्षक धीरज वर्मा सहित ANTF और थाना पुलिस के मुख्य आरक्षी व आरक्षी शामिल रहे।

error: Content is protected !!