masoori

प्रतिबंधित समय में वाहन ले जाने को लेकर हुआ विवाद, पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लिया

नव भारत मीडिया, मसूरी।

पहाड़ों की रानी मसूरी के हृदय स्थल माल रोड पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से आए पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के बीच सड़क पर ही हिंसक झड़प हो गई। प्रतिबंधित समय में माल रोड पर वाहन ले जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई और लात-घूंसे चले। इस घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे माल रोड की व्यवस्था कुछ देर के लिए पूरी तरह चरमरा गई।

भगत सिंह चौक पर हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना माल रोड स्थित भगत सिंह चौक के समीप की है। स्थानीय निवासी अमित गुप्ता ने बताया कि दिल्ली नंबर की एक पर्यटक गाड़ी गेट के ठीक सामने खड़ी थी, जिसके पीछे स्थानीय लोगों के वाहन फंसे हुए थे। जब पर्यटकों से गाड़ी हटाने और प्रतिबंधित समय में माल रोड के भीतर वाहन न ले जाने का अनुरोध किया गया, तो वे उग्र हो गए। देखते ही देखते सामान्य कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच बीच सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई।

मशक्कत के बाद संभली स्थिति

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी वहां एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और नगरपालिका के कर्मचारी मौके पर पहुँचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। विवाद के चलते माल रोड पर आवाजाही और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। पुलिस दोनों पक्षों को पकड़कर कुलड़ी चौकी ले गई, जहाँ उनसे पूछताछ की गई।

होगी कानूनी कार्यवाही

एडिशनल सब इंस्पेक्टर बुद्धि प्रकाश ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि माल रोड गेट के पास मारपीट की सूचना मिली थी। दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस घटना के कारणों और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, जिसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति बनी हुई है और पुलिस ने पर्यटकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है।

error: Content is protected !!