IMG-20260807-WA0041
  • एक व्यक्ति द्वारा 100 से अधिक आपत्तियां दर्ज कराने का आरोप, ठुकराल ने फर्जी आपत्तियों की जांच और मुकदमे की मांग की

रूद्रपुर। मतदाता सूची में कथित धांधली और फर्जी आपत्तियां दर्ज किए जाने के आरोपों को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से मुलाकात कर विस्तृत शिकायत पत्र सौंपा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने के साथ ही फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान ठुकराल ने अतिरिक्त जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और अतिरिक्त जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा से भी वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष आरोप लगाया कि मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया के दौरान एक ही आपत्तिकर्ता द्वारा नियमों के विपरीत 100 से अधिक आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं।

पूर्व विधायक ने कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से हाल ही में स्पष्ट किया गया है कि एक व्यक्ति अधिकतम पांच आपत्तियां ही दर्ज करा सकता है। इसके बावजूद नियमों का कथित रूप से खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है।

ठुकराल के मुताबिक, रूद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में कई ऐसे मतदाता सामने आए हैं, जिन्हें यह जानकारी तक नहीं है कि उनके नाम से आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी और कूटरचित आपत्तियों के जरिए निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अधिकांश मामलों में आपत्तिकर्ताओं के पास अपने दावों के समर्थन में ठोस साक्ष्य भी नहीं हैं। ठुकराल ने इसे सुनियोजित साजिश का हिस्सा बताते हुए पूरे मामले की जांच कर आपत्तियां दर्ज कराने वाले लोगों की पहचान करने और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की।

जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के लिए उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।

error: Content is protected !!