- फूलमालाओं से हुआ अभिनंदन, संजीव आर्य बोले—संगठन को मजबूत करना और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी कार्य करना प्राथमिकता
रूद्रपुर। नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य को कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का सह प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद पहली बार रूद्रपुर पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संजीव आर्य ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाना तथा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ताकत और जनता के सहयोग से पार्टी को और सशक्त बनाया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से कांग्रेस प्रदेश में मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा संजीव आर्य को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। इससे प्रदेश के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम बंगाल सह प्रभारी प्रकाश जोशी, उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी मनोज यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोरा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गावा, प्रदेश महासचिव संदीप चीमा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
