- वैशाली कॉलोनी, कवि नगर और आईटीआई क्षेत्र की चोरियों का खुलासा, सोने-चांदी के आभूषण व नकदी बरामद; आरोपी पर उत्तराखंड में 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज
काशीपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बंद मकानों में चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक अंतर्राज्यीय शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली आईटीआई पुलिस ने सटीक सुरागरसी, पतारसी और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की जांच के आधार पर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और चोरी में प्रयुक्त सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को गश्त के दौरान सूचना मिली कि बंद मकानों में चोरी करने वाला आरोपी बांसखेड़ा फ्लाईओवर के नीचे रेलवे पटरी के पास घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनी पुत्र मेहर चंद उर्फ गूंगा, निवासी माधवपुरम, मेरठ (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने वैशाली कॉलोनी, कवि नगर काशीपुर और केंद्रीय विद्यालय आईटीआई क्षेत्र में बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस जांच में सामने आया कि वह पहले भी हरिद्वार, देहरादून और ऋषिकेश समेत उत्तराखंड के कई जनपदों में चोरी और लूट के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और नकबजनी के कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी झुमके, एक जोड़ी ईयर रिंग, दो अंगूठियां, मोती की माला, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक पर्स और चोरी में प्रयुक्त बैग बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में भी जांच की जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
