रुद्रपुर। इस्कॉन रुद्रपुर द्वारा शक्ति विहार से भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा शामिल हुए और उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ के रथ को खींचकर पूजा-अर्चना की।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि ओडिशा के पुरी धाम से निकलने वाली विश्व प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ रथ यात्रा करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस्कॉन रुद्रपुर द्वारा शक्ति विहार से आवास विकास होते हुए मनोकामेश्वर मंदिर, रविंद्र नगर तक रथ यात्रा निकाली गई।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करते हैं और अपने भक्तों को दर्शन देकर उन पर कृपा बरसाते हैं। इस पावन रथ यात्रा में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है और उन्होंने भगवान से क्षेत्रवासियों पर सदैव कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
रथ यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के भजनों पर नाचते-गाते हुए यात्रा के साथ चले। आवास विकास, जगतपुरा और रविंद्र नगर सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर इस्कॉन रुद्रपुर के प्रबंधक सर्वमंगल गौरव दास, चंद्रकांत अरोरा, किशोर शर्मा, नीरज अग्रवाल, रमन फुटेला, अमन सिंह, प्रभु दयाल, मुकेश मिश्रा, रामप्रसाद, राघनी, ममता देवी, सुषमा, प्रेमवती, निरंजन, सुभाष सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
