IMG_20260720_180505
  • चावला थिएटर में तीन दिन तक चलेंगे फ्री शो, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

रुद्रपुर। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध शक्तिपीठ गढ़ी महासर माता मंदिर की महिमा, आस्था और चमत्कारों पर आधारित धार्मिक फिल्म ‘जय महासर धाम’ का रुद्रपुर में निःशुल्क प्रदर्शन सोमवार से शुरू हो गया। मुंबई में सफल प्रदर्शन के बाद अब महासर धाम से जुड़े श्रद्धालुओं और समाजसेवियों के सहयोग से यह फिल्म रुद्रपुर के चावला थिएटर में तीन दिनों तक आम श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क दिखाई जा रही है।

फिल्म के प्रथम प्रदर्शन से पूर्व विधि-विधान के साथ माता की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं की उपस्थिति में फिल्म का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर रवि अग्रवाल और अंशु अग्रवाल ने बताया कि महासर माता उनकी कुलदेवी हैं तथा उनकी अटूट आस्था इस धाम से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु नियमित रूप से महासर धाम के दर्शन के लिए जाते हैं। समय के साथ इस पवित्र धाम के प्रति लोगों की श्रद्धा लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि माता के दरबार में अनेक चमत्कारों की कथाएं श्रद्धालुओं की आस्था को और अधिक मजबूत करती हैं। इसी उद्देश्य से यह फिल्म अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए इसका निःशुल्क प्रदर्शन कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में उपस्थित एडवोकेट नरेंद्र बंसल ने कहा कि फिल्म को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने बताया कि रुद्रपुर में इस धार्मिक फिल्म का निःशुल्क प्रदर्शन रवि अग्रवाल और अंशु अग्रवाल के विशेष प्रयासों से संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ स्थित गढ़ी महासर माता मंदिर देश के प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अनेक परिवार माता को अपनी कुलदेवी के रूप में पूजते हैं और उनकी कृपा में अटूट विश्वास रखते हैं। उन्होंने बताया कि यह प्राचीन शक्तिपीठ केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि लोक परंपराओं, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण प्रतीक है। मान्यता है कि महासर माता क्षेत्र की रक्षक देवी हैं और सच्चे मन से आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की मनोकामना पूर्ण करती हैं।

महासर मूवीज के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता श्रीधर गुप्ता तथा निर्देशक सन्नी पी. अग्रवाल हैं। फिल्म में टीवी धारावाहिक रामायण में सीता की भूमिका निभा चुकी अभिनेत्री दीपिका सहित कई प्रसिद्ध कलाकारों ने अभिनय किया है। वहीं सुप्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल ने फिल्म के लिए अपने भजनों की स्वरांजलि दी है, जो फिल्म को और अधिक भावपूर्ण बनाते हैं।

फिल्म के शुभारंभ अवसर पर रवि अग्रवाल, अंशु अग्रवाल, महक अग्रवाल, माही अग्रवाल, शकुंतला अग्रवाल, एडवोकेट नरेंद्र बंसल, सुषमा अग्रवाल, मंजू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!