- निषाद राज, राम मिलन और केवट संवाद की लीलाओं का हुआ मंचन, ठुकराल बोले—रामलीला भारतीय संस्कृति और संस्कारों की पहचान
रुद्रपुर। किच्छा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम महाराजपुर में आयोजित रामलीला का पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता अजय तिवारी का भी स्वागत किया गया। रामलीला में निषाद राज, राम मिलन और केवट संवाद की लीलाओं का सुंदर मंचन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्य पालन की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी समाज को सही मार्ग पर चलने की सीख देते हैं।
ठुकराल ने कहा कि निषाद राज और केवट प्रसंग प्रभु श्रीराम के प्रति समर्पण, प्रेम और समानता का संदेश देते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के साथ ही समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और कलाकारों की सराहना करते हुए रामलीला के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में भाजपा नेता अजय तिवारी, अजय नारायण सिंह, ललित बिष्ट, मुलखराज ठुकराल, अशोक ठुकराल, नरेंद्र ठुकराल, रवि ठुकराल, ग्राम प्रधान शुभम पुजारा, रामलीला निर्देशक दीपक ठुकराल, नरेश खुराना, राजू खुराना, राजेश चाराया, अनिल चाराया और शिवा ठुकराल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
