IMG-20261017-WA0038
  • SSP अजय गणपति के निर्देश पर SOG और दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल; उत्तर प्रदेश से असलहे लाकर उत्तराखंड में बेचने की थी योजना

दिनेशपुर, ऊधम सिंह नगर। जनपद में अवैध असलहों की तस्करी के खिलाफ SSP अजय गणपति के निर्देश पर ऊधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 17 अक्टूबर 2026 की तड़के SOG रुद्रपुर और थाना दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 8 अवैध देशी तमंचे, 8 जिंदा कारतूस, 4 खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी, पुलिस टीम पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति उत्तर प्रदेश से अवैध असलहों की खेप लेकर मोटरसाइकिल से महतोष-मकरन्दपुर मार्ग होते हुए दिनेशपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर SOG रुद्रपुर और थाना दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मार्ग पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। रात करीब दो बजे मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी और मोटरसाइकिल छोड़कर गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मनोज कुमार घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

5 हजार रुपये में खरीदकर 8 हजार रुपये में बेचने की थी योजना

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी बंटी कोली के संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक, बंटी कोली वर्तमान में जेल में बंद है। आरोपियों ने असलहे ग्राम बिसौली, जनपद बदायूं निवासी महावीर नामक व्यक्ति से लाने की बात बताई। उनकी योजना प्रत्येक तमंचे को 5,000 रुपये में खरीदकर 8,000 रुपये में बेचने की थी। पुलिस अब अवैध असलहों की सप्लाई चेन, संभावित खरीदारों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ और जांच कर रही है।

रामपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, दिनेशपुर थाने में मुकदमा दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार (22 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र कुमार और अनमोल यादव (20 वर्ष) पुत्र सुंदर पाल, निवासी ग्राम चंदायन, थाना बिलासपुर, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मनोज कुमार का पूर्व आपराधिक इतिहास भी है। दोनों के खिलाफ थाना दिनेशपुर में FIR संख्या 166/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में SOG प्रभारी रुद्रपुर SI रविन्द्र सिंह बिष्ट, थानाध्यक्ष दिनेशपुर पंकज कुमार, चौकी प्रभारी जयनगर SI अर्जुन सिंह, अपर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल गोविन्द आर्या और राजेन्द्र कश्यप शामिल रहे।

error: Content is protected !!