- भगवान श्रीराम के आदर्श सत्य, मर्यादा और कर्तव्य का मार्ग दिखाते हैं: राजकुमार ठुकराल; आयोजन समिति ने स्मृति चिह्न भेंट कर किया सम्मानित
रुद्रपुर। ग्राम तुर्कागौरी गोकुलनगर में श्री रामलीला युवा कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला मंचन का शुक्रवार रात पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मुख्य अतिथि के रूप में विधिवत पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया। इस दौरान आयोजन समिति की ओर से मंच पर राजकुमार ठुकराल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजकुमार ठुकराल ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रामलीला का आयोजन सामूहिक सहभागिता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और अपनी प्रतिभा व मेहनत से रामलीला मंचन को प्रभावशाली बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष गौरव आर्या, उपाध्यक्ष लियाकत अंसारी, सुनील यादव, राजेश वर्मा, आयुष सक्सेना, निर्देशक ओमप्रकाश यादव, नीतू प्रसाद, राजू श्रीवास्तव, महेश यादव, हरदयाल, अंकित यादव, अशरफ अंसारी, संदीप सलूजा, संजय ठुकराल, आनंद शर्मा, गगन ग्रोवर, केरू मंडल, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्या, गणेश तिवारी और प्रिंस कुंवर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
