- पुलिस लाइन से लेकर थानों तक आयोजित हुए कार्यक्रम, रामधुन के बीच स्वच्छता कर्मियों को वितरित किए गए कंबल
रुद्रपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ऊधम सिंह नगर पुलिस ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पुलिस लाइन रुद्रपुर, पुलिस कार्यालय सहित जनपद के सभी थानों एवं कोतवाली में माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान बापू के प्रिय भजनों और रामधुन का गायन किया गया, जिससे पूरा वातावरण प्रेरणादायी हो गया।
एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन एवं पुलिस सेवा में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एसएसपी ने स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को सम्मान स्वरूप कंबल वितरित किए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पुलिसकर्मियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ राष्ट्र एवं जनसेवा करने का संकल्प दोहराया।
