IMG-20261002-WA0117
  • क्यूआर कोड और यूपीआई स्कैनर पर काला कपड़ा रखकर व्यापारियों ने जताया सांकेतिक विरोध

रुद्रपुर। यूपीआई ट्रांजैक्शन पर प्रस्तावित चार्ज के विरोध में शुक्रवार को रुद्रपुर के व्यापारियों ने ‘नो यूपीआई डे’ मनाते हुए सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों पर लगे यूपीआई स्कैनर एवं क्यूआर कोड के ऊपर काला कपड़ा रखकर विरोध दर्ज कराया।

रुद्रपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि व्यापारियों पर यूपीआई ट्रांजैक्शन चार्ज लगाने का प्रस्ताव व्यापार जगत के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि देशभर में व्यापारी इस मुद्दे को लेकर अपनी आवाज उठा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त लागत आती है तो उसका प्रभाव व्यापारिक लागत और अंततः उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है।

संजय जुनेजा ने कहा कि व्यापारियों को केवल टैक्स कलेक्शन की मशीन न समझा जाए। व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से व्यापारियों की चिंताओं पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

इस दौरान व्यापारियों ने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के बाद अब उस पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों पर आर्थिक दबाव बढ़ सकता है। व्यापारियों ने सरकार से प्रस्तावित यूपीआई ट्रांजैक्शन चार्ज पर पुनर्विचार करने की मांग की।

सांकेतिक विरोध प्रदर्शन में राकेश सुखीजा, दीपक गुगलानी, पंकज सुखीजा, राजकुमार भुसरी, राजकुमार सिकरी, संजीव पुजारा, गौरव गांधी, अंशुल अग्रवाल, मनीष सक्सेना, शिवेन सेठी, त्रिलोक सिंह, इरशाद अहमद, विजय फुटेला, विक्की जल्होत्रा, मोंटी वाधवा, सुरमुख सिंह, विनोद कुमार, मंगल पाल सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!