- विधायक शिव अरोरा ने विकास प्राधिकरण अधिकारियों के साथ की बैठक, एक सप्ताह में टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद
रुद्रपुर। शहर में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग की समस्या का समाधान अब जल्द होता नजर आ रहा है। रुद्रपुर को 200 वाहनों की क्षमता वाली पहली ग्रीन पार्किंग की सौगात मिलने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को लेकर विधायक शिव अरोरा ने जिला विकास प्राधिकरण कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
वर्ष 2023 में विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए सिंचाई विभाग की भूमि पर पार्किंग निर्माण का प्रस्ताव रखा था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया था। अब इस योजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
बैठक के दौरान विधायक शिव अरोरा ने जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन और सचिव पंकज उपाध्याय के साथ पार्किंग प्रोजेक्ट की डिजाइन और डीपीआर का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि पार्किंग की डिजाइन और डीपीआर तैयार कर ली गई है। अगले एक सप्ताह में विकास प्राधिकरण द्वारा पार्किंग निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
प्रस्तावित ग्रीन पार्किंग में करीब 200 वाहनों को खड़ा करने की सुविधा होगी। पार्किंग को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसमें बाउंड्री वॉल, गेट, सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी कैमरे, शौचालय सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पार्किंग में ऐसी टाइल्स लगाई जाएंगी, जिससे बारिश का पानी जमीन में समाहित हो सके और पर्यावरण संतुलन बना रहे।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर की जनता से किए गए वादे के अनुरूप शहर को जाम से राहत दिलाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। मुख्य बाजार के नजदीक पार्किंग बनने से व्यापारियों और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि हरे-भरे वातावरण के बीच बनने वाली यह ग्रीन पार्किंग रुद्रपुर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विधायक ने उनके प्रस्ताव को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने और रुद्रपुर को यह सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
इस दौरान जिला विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष जय किशन, सचिव पंकज उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
