IMG_20261016_182130
  • रुद्रपुर के एमेनेटी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और साइबर अपराधों से बचाव के बताए गए तरीके

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के कुशल निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अक्टूबर 2026 को रुद्रपुर के काशीपुर रोड स्थित एमेनेटी कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 400 से अधिक छात्र-छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, रुद्रपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों की व्यक्तिगत और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल करते हैं।

पुलिस ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर पैसे मांगने वाले साइबर अपराधियों के झांसे में न आएं और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्क रहें।

कार्यक्रम में साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत करने की जानकारी भी दी गई। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने स्पष्ट किया कि एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम और युवाओं सहित आमजन को जागरूक करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

error: Content is protected !!