- अल्मोड़ा के कांचुला पुल के पास हुआ हादसा, नाचनी क्षेत्र में दौड़ी शोक की लहर
अल्मोड़ा।अल्मोड़ा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कार वापस लौटते समय अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथ्याल की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अल्मोड़ा-शेराघाट मार्ग पर कांचुला पुल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी।
कार्यक्रम से वापस लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक पिथौरागढ़ जिले के नाचनी क्षेत्र से तीन लोग राहुल गांधी की जनसभा में शामिल होने के लिए अल्मोड़ा पहुंचे थे। मौसम खराब होने के कारण राहुल गांधी का कार्यक्रम निरस्त होने की सूचना के बाद लोग वापस लौटने लगे। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे उनकी कार संख्या UK04Y-2999 कांचुला पुल के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और खाई में जा गिरी।
स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। कार में सवार कुंदन सिंह बथ्याल, गणेश कुमार और भूपेंद्र प्रसाद को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कुंदन सिंह बथ्याल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल गणेश कुमार और भूपेंद्र प्रसाद को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अल्मोड़ा रेफर किया गया।
क्षेत्र में शोक की लहर
कुंदन सिंह बथ्याल पिथौरागढ़ के नाचनी क्षेत्र के रहने वाले थे। वे मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुके थे। इसके अलावा वह जिला पंचायत सदस्य और नाचनी व्यापार संघ के अध्यक्ष भी रहे। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहने वाले कुंदन सिंह बथ्याल के निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से घटना का जिक्र करते हुए संवेदना व्यक्त की। इस दर्दनाक हादसे ने कार्यक्रम से लौट रहे लोगों की खुशियों को मातम में बदल दिया।
