IMG-20260818-WA0038
  • “वर्ग विशेष को खुश करने के लिए सारी मर्यादाएं लांघ दीं, अब विश्व हिन्दू परिषद से भी ठुकराल को हो रही है दिक्कत,यह मानसिक दिवालियापन का प्रमाण”

रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित एवं तू-तड़ाक की भाषा को लेकर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने तीखा पलटवार किया है। शिव अरोरा ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन प्रदेश के निर्वाचित मुख्यमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजदारी और चाटुकारिता में पूर्व विधायक ठुकराल शब्दों की मर्यादा भूल चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद की गरिमा का सम्मान करना प्रत्येक राजनीतिक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। जनता देख रही है कि कौन विकास के मुद्दों पर बात कर रहा है और कौन व्यक्तिगत बयानबाजी में उलझा हुआ है।

प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी को बताया राजनीतिक दिवालियापन

शिव अरोरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर पूर्व विधायक ठुकराल की कथित टिप्पणी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया है और भारत की वैश्विक पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ व्यक्तिगत और आपत्तिजनक टिप्पणी स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा के अनुरूप नहीं है। यदि किसी नीति या निर्णय से असहमति है तो तथ्यों के आधार पर आलोचना की जानी चाहिए, व्यक्तिगत आरोपों से नहीं।

विश्व हिंदू परिषद को लेकर भी साधा निशाना

विधायक शिव अरोरा ने विश्व हिंदू परिषद को लेकर ठुकराल की कथित टिप्पणी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में विश्व हिंदू परिषद सहित अनेक संगठनों और रामभक्तों ने लंबे समय तक संघर्ष किया। ऐसे संगठन को लेकर टिप्पणी करने से पहले पूर्व विधायक को आत्ममंथन करना चाहिए।

शिव अरोरा ने आरोप लगाया कि वर्ग विशेष को खुश करने के लिए हिंदू समाज, सनातन आस्था और उससे जुड़े संगठनों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राजनीति को रुद्रपुर की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

हल्द्वानी के धार्मिक नारों पर भी उठाए सवाल

शिव अरोरा ने हल्द्वानी रामलीला मैदान में लगे धार्मिक नारों का जिक्र करते हुए पूर्व विधायक की चुप्पी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मुद्दों पर वोट बैंक के हिसाब से आवाज उठाना या चुप रहना दोहरे राजनीतिक चरित्र को दर्शाता है।

खरगे के कांवड़ यात्रा संबंधी बयान पर पलटवार

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा कांवड़ यात्रा और गंगा स्नान को लेकर दिए गए कथित बयान पर भी विधायक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों शिवभक्तों की आस्था और श्रद्धा से जुड़ी धार्मिक परंपरा है। धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर टिप्पणी करते समय सभी राजनीतिक दलों को संवेदनशीलता और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

वंदे मातरम् के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वंदे मातरम् को लेकर उठे विवाद का उल्लेख करते हुए शिव अरोरा ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़ा राष्ट्रीय गीत है। कांग्रेस को पहले अपने शीर्ष नेतृत्व के बयानों और आचरण पर आत्ममंथन करना चाहिए।

धामी सरकार में रुद्रपुर के विकास का किया उल्लेख

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में भी सरकार के सहयोग से कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति मिली है। उन्होंने मोदी मैदान में अत्याधुनिक खेल स्टेडियम के लिए 23.32 करोड़ रुपये की स्वीकृति और शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मास्टर ड्रेनेज प्लान सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर की जनता अब स्पष्ट रूप से देख रही है कि कौन विकास की राजनीति कर रहा है और कौन बयानबाजी के जरिए अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहा है।

“मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के सम्मान पर मजबूती से रखेंगे पक्ष”

शिव अरोरा ने दो टूक कहा कि राजनीति में विरोध करना, सवाल उठाना और सरकार के कामकाज की आलोचना करना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन मुख्यमंत्री के खिलाफ तू-तड़ाक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान, सनातन आस्था, राष्ट्रहित और सामाजिक सद्भाव से जुड़े विषयों पर वह मजबूती के साथ अपनी बात जनता के सामने रखते रहेंगे।

error: Content is protected !!