- 175 प्रतिभाओं को किया सम्मान, 3.04 लाख रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति वितरित
- बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांशु मेहरा और सृष्टि पाल को विशेष पुरस्कार
- सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
रुद्रपुर । मॉडल कॉलोनी स्थित कोलम्बस पब्लिक स्कूल में रविवार को वार्षिक पारितोषिक समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025 26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 175 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, ट्रॉफी, स्कॉलर मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए विद्यालय प्रबंधन की ओर से कुल 3,04,500 रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई।

कार्यक्रम में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में दंत चिकित्सक डॉ. शुभम संदेश जैन, डॉ. शिवम रस्तोगी, डॉ. अस्मिता मिश्रा, डॉ. अनु ग्रोवर, डॉ. मनु सिंह राणा एवं डॉ. कोमल सिंह चीमा मौजूद रहे। विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार खेड़ा ने अतिथियों का दुशाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य द्वारा मां शारदा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत नृत्य नाटिका ‘युग दर्शन’ समारोह का विशेष आकर्षण रही। प्रस्तुति को उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने बताया कि विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अपनी अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11,000 रुपये प्रति छात्र की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसके अलावा सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष सम्मान दिया गया।

कक्षा 10 के छात्र दिव्यांशु मेहरा ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्हें ‘गोस्वामी बांके लाल स्मृति विद्या रत्न पुरस्कार 2026’ से सम्मानित करते हुए 21,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं कक्षा 12 की छात्रा सृष्टि पाल ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वाेच्च स्थान हासिल किया। उन्हें ‘श्रीमती भगवानी देवी स्मृति विद्या रत्न पुरस्कार 2026’ तथा 21,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
विद्यालय के चेयरमैन केसरदास खेड़ा ने शैक्षणिक सत्र के दौरान शत प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। कक्षा 11 की छात्राओं अर्णिमा शर्मा एवं लीपिका शर्मा को ‘विद्यालय कलर्स’ से सम्मानित किया गया। अर्णिमा शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर की कविता प्रतियोगिता में देशभर से चयनित 500 विद्यार्थियों में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। वहीं लीपिका शर्मा ने 26वीं राष्ट्रीय स्क्वैश चौंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई किया है।
मुख्य अतिथि प्रो. कृष्ण पाल सिंह ने पुरस्कृत विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के लिए 3.04 लाख रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति वितरित किए जाने पर विद्यालय प्रबंधन की सराहना की। प्रबंध निदेशक मनोज कुमार खेड़ा ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियों के पीछे शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का संयुक्त प्रयास महत्वपूर्ण है। विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ उनकी प्रतिभा और क्षमता को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर अवसर उपलब्ध करा रहा है।
कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ शिक्षिका रिद्धी कोचक के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर श्वेता खेड़ा, कर्नल आर.पी. सिंह, माधव मनोज खेड़ा, एस.के. नैय्यर, सरदार अजमेर सिंह सहित शहर के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक एवं विद्यालय कर्मचारी मौजूद रहे।
उपलब्धियों से बढ़ाया विद्यालय का गौरव
कोलम्बस पब्लिक स्कूल की छात्रा अर्णिमा शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर की कविता प्रतियोगिता में देशभर से चयनित 500 विद्यार्थियों में तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं लीपिका शर्मा ने 26वीं राष्ट्रीय स्क्वैश चौंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई किया। दोनों छात्राओं को समारोह में ‘विद्यालय कलर्स’ से सम्मानित किया गया।
