- 5 अवैध धारदार हथियार बरामद, 5 दोपहिया और एक डीजे वाहन सीज; वीडियो फुटेज से अन्य आरोपियों की पहचान जारी
रुद्रपुर। 15 अगस्त को रुद्रपुर बाजार क्षेत्र में निकाले गए जुलूस के दौरान हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन कर आमजन में भय उत्पन्न करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में अब तक 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 5 अवैध धारदार हथियार बरामद किए हैं। इसके साथ ही 5 दोपहिया वाहन और एक डीजे वाहन भी सीज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को रुद्रपुर बाजार क्षेत्र में निकाले गए जुलूस के दौरान कुछ युवकों द्वारा तलवार, गंडासा, खुकरी, तमंचे समेत अन्य हथियारों का प्रदर्शन किए जाने का मामला सामने आया था। इस दौरान यातायात बाधित होने और सार्वजनिक शांति भंग होने की शिकायत के बाद पुलिस ने घटना के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की।
इस संबंध में कोतवाली रुद्रपुर में FIR संख्या 422/26 के तहत BNS की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमे में कई नामजद आरोपियों के साथ करीब 30 अज्ञात व्यक्तियों को भी शामिल किया गया है।
तीन आरोपियों पर BNSS की धारा 172 के तहत कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, तीन व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 172 BNSS के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने 16 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर मोदी मैदान क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 2 अवैध कापे और एक फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू बरामद किया गया।
इसके बाद कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने 17 अगस्त की रात ब्लॉक रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करन साहनी और गोविन्दा गुप्ता को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध दाब/गंडासा बरामद हुआ। मौके से तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
5 दोपहिया और एक डीजे वाहन सीज
पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों से संबंधित पांच दोपहिया वाहनों के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्हें मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। इसके अलावा 15 अगस्त की घटना के संबंध में इस्तेमाल किए गए एक डीजे वाहन को भी सीज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में करन साहनी, गोविन्दा गुप्ता, राजीव, हर्ष उर्फ भोला, अभिषेक उर्फ कालू, मोहम्द हसन, सक्षम राजपुर और अभय विश्वकर्मा शामिल हैं।
वीडियो फुटेज से होगी अन्य आरोपियों की पहचान
पुलिस 15 अगस्त की घटना से जुड़े वीडियो फुटेज का लगातार विश्लेषण कर रही है। वीडियो में दिखाई देने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और उसकी भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जुलूस में हथियार लेकर शामिल होने, हथियार लहराने, आमजन में भय उत्पन्न करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों की भूमिका साक्ष्यों के आधार पर जांची जाएगी। दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
