- पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने किया माल्यार्पण, विशाल भंडारे का हुआ आयोजन; महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
रुद्रपुर। रम्पुरा क्षेत्र में महाराज चन्द्रदेव जी की जयंती एवं गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरुवार को श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रम्पुरा स्थित महाराज चन्द्रदेव जी की प्रतिमा पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि महाराज चन्द्रदेव जी का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने जीवन के माध्यम से समाज को एकता, सेवा और मानव कल्याण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व हमें अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ उनके बताए आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने सभी लोगों से महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने महाराज चन्द्रदेव जी के चरणों में नमन कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सोमपाल चन्द्रा, कल्याण सिंह, जमुना प्रसाद, गेंदन लाल, चन्द्र मोहन गावड़ी, ललित बिष्ट, केरू मंडल, राजीव चन्द्रा, रूपदर्शन चन्द्रा, ओमकार चन्द्रा, रोशन लाल चन्द्रा, विजय पाल चन्द्रा, विनोद चन्द्रा, रतन लाल चन्द्रा, सुरेश चन्द्रा, विरेन्द्र चन्द्रा, सुभाष चन्द्रा, अशोक चन्द्रा, श्याम लाल चन्द्रा, राजू चन्द्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
