- महिला सशक्तिकरण को मिली नई उड़ान, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सफलता को मिला सम्मान
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘लखपति दीदी योजना’ ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बदलाव की मिसाल बन रही है। इसी क्रम में गुरुवार को रुद्रपुर के सिटी क्लब में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा भव्य लखपति दीदी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोरा ने योजना से लाभान्वित 30 महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी योजना’ महिलाओं के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को नई पहचान दे रही है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्य वक्ता एवं काशीपुर की पूर्व मेयर ऊषा चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने सम्मानित महिलाओं को अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष डॉ. विनीता सक्सेना के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा लगातार महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी अतिथियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
समारोह के दौरान बबीता यादव, पिंकी, सीमा चावला, रीना देवी, उषा, बबली कोरंगा, राधा पांडेय, दीपा जोशी, ममता, विमला देवी, ज्योति, ज्योति मौर्य, सरिता देवी, निर्मला देवी, पुष्पा देवी, महेजबीन, कंचन, रूबी खान, गीता कश्यप, अर्चना, नीतू यादव, परमजीत कौर, सुनीता, चंद्रमादी दास, रश्मि, मलकीत कौर, रेशम कौर और निशा सहित 30 महिलाओं को लखपति दीदी योजना के अंतर्गत सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सम्मानित महिलाओं ने सरकार की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे समारोह में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला।
