- रामलीला मैदान, धर्मनगर और ट्रांजिट कैंप में हुए भव्य आयोजन, विकास कार्यों और जनसेवा को लेकर जनता ने जताया भरोसा
रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा के विधायक शिव अरोरा का जन्मदिवस गुरुवार को पूरे विधानसभा क्षेत्र में उत्साह, श्रद्धा और जनसमर्थन के साथ मनाया गया। धार्मिक अनुष्ठानों से लेकर विशाल जनआशीर्वाद सभाओं तक दिनभर चले कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने भाग लेकर विधायक शिव अरोरा को जन्मदिवस की शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। कार्यक्रमों में समाज के विभिन्न वर्गों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, महिला शक्ति, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
जन्मदिवस कार्यक्रमों की शुरुआत 29 जुलाई को पांच मंदिर में आयोजित सुंदरकांड पाठ एवं पूजा-अर्चना से हुई, जहां क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने विधायक शिव अरोरा के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की मंगलकामनाएं भी कीं।
इसके बाद भूतबंगला स्थित रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनआशीर्वाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली। समर्थकों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत करते हुए विधायक शिव अरोरा को तलवार एवं सम्मान स्वरूप गदा भेंट की। पूरे कार्यक्रम के दौरान जयघोष और तालियों की गूंज के बीच समर्थकों ने अपना स्नेह और विश्वास व्यक्त किया।
सिटी क्लब में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में महिला कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर विधायक शिव अरोरा का अभिनंदन किया और जनहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
वहीं धर्मनगर में आयोजित विशाल जनआशीर्वाद कार्यक्रम एवं भंडारे में ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। सामाजिक समरसता के माहौल में आयोजित भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर विधायक के उज्ज्वल भविष्य और क्षेत्र के विकास की कामना की।
ट्रांजिट कैंप की नारायण कॉलोनी में आयोजित स्वागत समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक विधायक शिव अरोरा का स्वागत किया। इस अवसर पर केक काटकर जन्मदिवस मनाया गया और समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार नारे लगाते हुए शुभकामनाएं दीं।
दिनभर चले कार्यक्रमों में उपस्थित लोगों ने विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जनता के बीच उनकी सक्रिय मौजूदगी की सराहना की। विभिन्न कार्यक्रमों में उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र में उनके प्रति जनता के विश्वास और समर्थन को भी दर्शाया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने सभी नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन्मदिवस पर मिला जनता का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि वे रुद्रपुर विधानसभा के समग्र विकास, जनकल्याण और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा और शक्ति है।
कार्यक्रमों के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, जिला महामंत्री तरुण दत्ता सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।
